लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वादे पर तंज कसते हुए शुक्रवार को कहा कि ‘‘बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।’’
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भरोसा दिया कि यदि पार्टी उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में आती है तो राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।
वीडियो । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के वादे पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।”
(पूरा वीडियो PTI Videos पर उपलब्ध है।) pic.twitter.com/nJuKTConrN
— पीटीआई न्यूज_भाषा (@PTINews_Bhasha) October 30, 2026
उन्होंने कहा, इस बार जब हमारी सरकार सत्ता में आएगी, तो उत्तर प्रदेश में यूसीसी लागू किया जाएगा। कई राज्यों में यूसीसी पहले ही लागू की जा चुकी है।
शाह के इस दावे पर अखिलेश ने सवाल उठाया कि आखिर इसमें इतनी देर क्यों हुई। जब उनसे भाजपा के लगातार तीसरी बार सत्ता में आने पर उत्तर प्रदेश में यूसीसी लागू करने की घोषणा के बारे में पूछा गया तो यादव ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते।
इस पर जब एक पत्रकार ने बताया कि जिस हिंदी फिल्म के गीत का अखिलेश ने जिक्र किया है, उसमें ‘मेहरबां’ की जगह ‘हुजूर’ शब्द है, तो सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘सुधारने के लिए धन्यवाद। लेकिन मुझसे ‘हुजूर’ मत कहलवाइए। ‘मेहरबां’ ही ठीक है।
अपने इस चुटीले जवाब के जरिए अखिलेश ने भाजपा के यूसीसी लागू करने के वादे के समय पर सवाल उठाया। उन्होंने इशारा किया कि उत्तर प्रदेश में लगातार दो कार्यकाल तक सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा ने यह मुद्दा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उठाया है।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शाह ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘‘अखिलेश बाबू, लिखकर रख लीजिए, अगले 30 साल तक उत्तर प्रदेश में आपकी पार्टी की सरकार नहीं बनेगी। जनता आपकी तीसरी पीढ़ी को भी माफ नहीं करेगी।
अखिलेश ने राज्य सरकार को सरकारी नौकरियों की पात्रता से जुड़े नियमों में हाल में किए गए बदलावों को लेकर घेरा।