जालौन में गुलाब जल बनाने की फैक्टरी की आड़ में संचालित कथित सिंथेटिक मादक पदार्थ उत्पादन इकाई का भंडाफोड़ किया गया है और इस अवैध गतिविधि की जानकारी जुटाने में कथित लापरवाही के आरोप में संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है।
यह अवैध फैक्टरी डकोर थाना क्षेत्र के ऐरी रामपुर गांव में करीब 400 वर्ग मीटर में बने एक टीनशेड के नीचे संचालित की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि वहां सल्फ्यूरिक एसिड और अन्य रसायनों का इस्तेमाल करके मेफेड्रोन (एमडी) नामक सिंथेटिक मादक पदार्थ बनाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि 29 अक्टूबर को जालौन पुलिस और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने संयुक्त अभियान चलाया था। यह कार्रवाई डीआरआई की उत्तर प्रदेश इकाई से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई।
फैक्टरी परिसर से बड़ी मात्रा में एसिड जब्त किया गया, जबकि तैयार मादक पदार्थ मुख्य आरोपी हेमंत के घर से बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पूरे मामले के कथित मुख्य साजिशकर्ता की पहचान महाराष्ट्र निवासी संतोष अडके के रूप में हुई है। उसे पहले ही डीआरआई ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
इलाके में जारी अवैध गतिविधियों की जानकारी जुटाने में कथित लापरवाही के चलते पुलिस ने उपनिरीक्षक प्रेम पाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वह संबंधित बीट और क्षेत्र का प्रभारी था। रावत ने बताया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।