अयोध्या, दीपोत्सव-2026 से पहले अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने एक दिवसीय टूर पैकेज शुरू किया है। ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ नाम से शुरू इस पैकेज के तहत पर्यटक एसी वाहन और गाइड की सुविधा के साथ करीब छह घंटे में रामनगरी के प्रमुख मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।
यह यात्रा 1 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए प्रतिदिन दो बैच संचालित किए जाएंगे। पहला बैच सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरा बैच दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा। यात्रा की शुरुआत लता मंगेशकर चौक से होगी।
इस पहल का उद्देश्य 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाना है। पैकेज वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी सुविधाजनक विकल्प के रूप में तैयार किया गया है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक परंपराओं में 14 कोसी परिक्रमा का विशेष महत्व है। ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ के माध्यम से श्रद्धालुओं को इस आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराने के साथ रामायण सर्किट में अयोध्या की महत्ता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा के दौरान पर्यटकों को सबसे पहले रामायण वैक्स म्यूजियम ले जाया जाएगा। इसके बाद सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला, शेषावतार मंदिर, स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी शामिल हैं। इन स्थलों के इतिहास, धार्मिक महत्व और उनसे जुड़े प्रसंगों की जानकारी गाइड या कोऑर्डिनेटर देंगे।
इस छह घंटे की यात्रा का समापन सरयू आरती के साथ होगा। सरयू तट पर दीप प्रज्ज्वलन, पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों के बीच आरती में शामिल होने के बाद पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा।
यूपीएसटीडीसी के इस पैकेज में सभी निर्धारित स्थलों तक आने-जाने के लिए एसी वाहन और स्थानीय टूर गाइड या कोऑर्डिनेटर की सुविधा शामिल है। हालांकि, होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था पैकेज का हिस्सा नहीं है। इच्छुक पर्यटक निगम की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा 8130966118 नंबर पर संपर्क कर पैकेज की जानकारी और बुकिंग संबंधी विवरण प्राप्त किया जा सकता है।
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने बताया कि इस टूर पैकेज को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटक एक ही दिन में गाइड के साथ अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें लंबी धार्मिक यात्रा स्वतंत्र रूप से करने में कठिनाई होती है।