लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने ईसीआईएनईटी पोर्टल पर कंप्यूटर सहायकों (मतदाता पंजीकरण केंद्र के ऑपरेटर) को उपलब्ध कराई गई लॉग-इन आईडी को तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय करने का जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है।
लॉग-इन आईडी के दुरुपयोग के संबंध में पीलीभीत से प्राप्त शिकायत एवं सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह निर्देश जारी किया है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला निर्वाचन अधिकारी अपने जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओएस) को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दें।
बयान में कहा गया है कि जनपद के अंतर्गत सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कार्यरत मतदाता पंजीकरण केंद्र के ऑपरेटर की लॉग-इन आईडी निष्क्रिय कराई जाए ताकि किसी भी मतदाता पंजीकरण केंद्र के ऑपरेटर अपनी लॉग-इन आईडी के माध्यम से पोर्टल पर किसी प्रकार की गतिविधि न कर सकें।