अयोध्या में दर्शन करने के बाद वाराणसी लौट रहे एक परिवार की स्विफ्ट डिजायर कार में शुक्रवार देर शाम भीषण आग लग गई। पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के प्रयागराज हाईवे पर लंगड़ा की चौकी के पास हुई इस घटना में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि आग लगते ही कार में सवार सभी लोग बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए।
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी निवासी सुरजीत दास अपनी पत्नी राखी दास और दो बच्चों के साथ अयोध्या दर्शन करने आए थे। परिवार ने वापसी के लिए निजी कार बुक की थी। शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे प्रयागराज हाईवे पर लंगड़ा की चौकी के पास अचानक कार में आग लग गई।
कार से धुआं और आग की लपटें उठती देख उसमें सवार लोग आनन-फानन में बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जल गया।
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडे के मुताबिक, कार में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। सभी लोग सुरक्षित हैं। आग लगने के कारणों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।