अयोध्या, दुर्गापूजा प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियों को लेकर बुधवार दोपहर केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने निर्मली कुंड का निरीक्षण किया। इस दौरान विसर्जन घाट के निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
केंद्रीय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, संयोजक गगन जायसवाल और घाट निर्माण प्रभारी संजय श्रीवास्तव के साथ एडीएम सिटी दिनेश, एसपी सिटी चक्रपाणि पांडेय और नगर मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी निर्मली कुंड पहुंचे।
केंद्रीय समिति की ओर से घाट निर्माण जल्द शुरू कराने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने विसर्जन की तैयारियों और घाट निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
घाट निर्माण प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार विसर्जन घाट पर पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ा बड़ा प्लेटफार्म तैयार कराने की मांग की गई है। इसका उद्देश्य अधिक संख्या में प्रतिमाओं का एक साथ सुरक्षित तरीके से विसर्जन कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आशीष रंजन, एई राज नारायण तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।