अयोध्या, रुदौली विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में सड़क पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं और आवागमन की समस्या को देखते हुए रानीमऊ, भेलसर और कूढ़ा-सादात में तीन अंडरपास निर्माण को स्वीकृति मिली है। बताया जा रहा है कि रुदौली विधायक रामचंद्र यादव के प्रयासों के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से इन अंडरपासों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
अंडरपासों की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। इन स्थानों पर सड़क पार करने के दौरान राहगीरों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। अंडरपास बनने के बाद लोगों को सड़क पार करने में सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गन्ना समिति गनौली के डायरेक्टर रामप्रेस यादव ने बताया कि रानीमऊ चौराहा क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। यहां तीन इंटर कॉलेजों के साथ बड़ी बाजार भी है, जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और व्यापारियों का आवागमन होता है। उन्होंने कहा कि सड़क पार करते समय कई परिवारों ने दुर्घटनाओं में अपने परिजनों को खोया है। ऐसे में रानीमऊ में अंडरपास का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि रानीमऊ, भेलसर और कूढ़ा-सादात में अंडरपास की स्वीकृति क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निर्माण पूरा होने के बाद इन स्थानों पर आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
विधायक रामचंद्र यादव की ओर से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से हुई मुलाकात के बाद इन अंडरपासों को मंजूरी मिलने की बात कही जा रही है। अब क्षेत्रवासियों को निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।