बिजनौर जिले में शराब की दुकान पर बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर भीड़ पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मौके से भागने के दौरान ट्रैक्टर पलटने से ट्रैक्टर चालक भी घायल हो गया।
चांदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) देश दीपक सिंह ने बताया कि घटना बुधवार देर रात दतियाना गांव स्थित शराब की दुकान पर हुई, जहां जमालुद्दीनपुर और दतियाना के लोगों के बीच कहासुनी हो गई।
अधिकारी ने बताया कि झगड़े के दौरान दतियाना निवासी वीरेंद्र ने कथित तौर पर नशे की हालत में ट्रैक्टर भीड़ पर चढ़ा दिया, जिससे जमालुद्दीनपुर के तीन लोग बाबूराम (40), महेंद्र (58) और उदयवीर (60) घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां बाबूराम और उदयवीर की मौत हो गई। महेंद्र ने एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सिंह ने बताया कि घटना के बाद मौके से भागने की कोशिश में ट्रैक्टर पलट गया, जिससे वीरेंद्र भी घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
— BIJNOR POLICE (@bijnorpolice) October 8, 2026