अयोध्या, कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी सभागार में मंगलवार को जिला प्रशासन और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में दुर्गापूजा, दशहरा और रामलीला आयोजनों को लेकर तैयारियों, सुरक्षा, बिजली, सफाई, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों और पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी बैठक में रखीं।
नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि दुर्गापूजा और रामलीला के उत्सव को बेहतर और भव्य स्वरूप देने के लिए व्यावहारिक स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, जल निगम और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय से पहले पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि समय से काम पूरा नहीं हुआ तो इसकी सूचना मुख्यमंत्री को भेजना उनकी मजबूरी होगी।
नगर विधायक ने प्रशासन से दुर्गापूजा समितियों को हर संभव सहयोग देने की अपेक्षा जताई। उन्होंने यह भी कहा कि विद्युत व्यवस्था को लेकर वह प्रयास करेंगे कि पूरे जनपद में त्योहार के दौरान बिजली कटौती न हो।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से इस वर्ष दुर्गापूजा और दशहरा उत्सव में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। जिन विभागों के कार्य अभी पूरे नहीं हो सके हैं, उन्हें भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा पंडालों और पूजा स्थलों पर सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही जनपद के सभी पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से समितियों से शोभायात्राओं के दौरान डीजे की आवाज और साउंड पर नियंत्रण रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा जनपद का प्रमुख त्योहार है और उपलब्ध संसाधनों का पूरा उपयोग करते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने पिछले वर्ष समितियों की ओर से मिले सहयोग की सराहना करते हुए इस वर्ष भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समितियों को पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन की ओर से भी त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया गया।
केंद्रीय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने मांग रखी कि 10 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक पूरे अयोध्या जनपद में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और त्योहार के दौरान बिजली कटौती पूरी तरह बंद रखी जाए। उन्होंने पूर्व की बैठकों में उठाई गई समस्याओं का जल्द समाधान कराने तथा नगर क्षेत्र में बाहरी और अवांछनीय तत्वों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी रखी।
बैठक में केंद्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय गुप्ता तथा रामलीला समितियों के प्रमुख प्रेम नाथ राय ने भी अपने विचार रखे। ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने मया बाजार, गोसाईगंज, बीकापुर, पूरा बाजार, दर्शननगर, अयोध्या धाम, भरतकुंड-भदरसा, तारुन, मिल्कीपुर और रुदौली सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
बैठक में केंद्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल सहित समिति के पदाधिकारी, महिला शक्तिवाहिनी की पदाधिकारी, विभिन्न दुर्गापूजा और रामलीला समितियों के प्रतिनिधि तथा एडीएम सिटी दिनेश, एडीएम प्रशासन वीशू राजा, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण राधेश्याम राय, अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया, नगर मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय, सीओ सिटी श्रीश त्रिपाठी, अन्य सीओ, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ला और नगर कोतवाल मनोज कुमार शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।