मॉस्को, रूस के काला सागर तट के पास 23 भारतीय नागरिकों वाले चालक दल को लेकर जा रहे लाइबेरिया के झंडे वाले तेल टैंकर ‘अफ्रामैक्स रियो’ पर ड्रोन नौकाओं से हमला किया गया। हमले के बाद टैंकर में आग लग गई। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, टैंकर में सवार सभी 23 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया और शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
रूस के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, टैंकर पर मंगलवार को मानवरहित सतही नौकाओं (USV) से हमला किया गया। हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई। मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित निकालकर तट पर पहुंचा दिया गया है।
यह घटना रूस के प्रमुख पर्यटन शहर सोची के पास काला सागर क्षेत्र में हुई। हमले के बाद रूसी परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितिन ने घटना के परिणामों से निपटने के लिए आपात बैठक की। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि तत्काल दमकल अभियान शुरू करना संभव नहीं हो सका।
बताया गया है कि फिलहाल काला सागर के संबंधित क्षेत्र में तेल के कारण भीषण आग लगी हुई है। आग की तीव्रता कम होने और बचाव दल के जहाज के पास सुरक्षित रूप से पहुंचने की स्थिति बनने के बाद ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया जा सकेगा।
एहतियाती कदम के तौर पर सोची के मेयर आंद्रेई प्रोशुनिन ने शहर के समुद्र तटों पर लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है। उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से समुद्र तटों तथा समुद्र किनारे बने तटवर्ती मार्गों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन की ओर से इन क्षेत्रों को दोबारा खोलने का निर्णय स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
भारत ने भी वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में जहाजों को निशाना बनाया जाना वैश्विक व्यापार और दुनियाभर के लोगों के कल्याण को प्रभावित कर रहा है। भारत ने जारी संघर्षों को समाप्त करने के लिए बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान की आवश्यकता दोहराई है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों और बंदरगाहों से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमले बढ़े हैं। इससे वैश्विक व्यापार के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं।
इस घटना से दो दिन पहले काला सागर में तुर्किये के स्वामित्व वाले एक असैन्य मालवाहक जहाज पर रूसी ड्रोन हमला हुआ था। उस घटना में आग लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हुई थी और चालक दल के कुछ सदस्य घायल हुए थे, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल था।