मथुरा, वृंदावन के एक आवासीय विद्यालय में पानी की टंकी साफ करने के लिए उसके अंदर गए चार छात्रों की मौत हो गई और एक अन्य छात्र बेहोश हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में हुई जनहानि को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताया है।
यह घटना मंगलवार को ‘वृंदावन गुरुकुलम’ में हुई जो वृंदावन थाना क्षेत्र में आता है। ऐसा बताया जा रहा है कि टंकी से दुर्गंध आने पर छात्र उसे साफ करने के लिए उसके अंदर गए थे।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि टंकी साफ करने के लिए पहले एक छात्र उसके अंदर गया लेकिन वह बाहर नहीं आया।
कुमार ने बताया कि उसके बाहर न आने पर चार अन्य छात्र भी टंकी के अंदर गए और जब वे भी बाहर नहीं निकले तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि सभी छात्रों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की उम्र 17 से 20 वर्ष के बीच थी और वे सभी आवासीय विद्यालय के छात्र थे। कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
एसएसपी ने बताया कि बेहोश हुआ पांचवां छात्र सुरक्षित है और बातचीत कर रहा है तथा उसे बेहतर निगरानी के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनीत यादव ने बताया कि मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर जिला निवासी 24 वर्षीय मनु कटारा, मेरठ निवासी 18 वर्षीय ऋषभ शर्मा, कौशांबी के रहने वाले 18 वर्षीय आर्यन शर्मा और मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के 17 वर्षीय देवांश के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 18 वर्षीय रुद्र की हालत स्थिर है और उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। गुरुकुल में लगभग 200 छात्र संस्कृत की पढ़ाई कर रहे हैं और फिलहाल परिसर में 100 छात्र रह रहे हैं।
कुमार ने बताया कि पुलिस घटनाक्रम का पता लगाने के लिए विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। कुमार ने कहा कि परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मथुरा के वृंदावन में एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।
— MATHURA POLICE (@mathurapolice) October 7, 2026