वाराणसी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जब तक भारत में “सनातन की शक्ति” मौजूद है, तब तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “बाल भी बांका” नहीं कर सकते।
वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुजरात के वडनगर से काशी पहुंचे सेवा यात्रियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक देश में सनातन की शक्ति है, नरेंद्र मोदी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।
राहुल गांधी, तुम सुन लो!
जब तक भारत में सनातन की शक्ति है,
तुम नरेंद्र मोदी जी का बाल भी बाँका नहीं कर सकते।#RahulGandhi#ElectionCommission pic.twitter.com/VzX7jJ0rhU
— Abhishek Dubey (@bjpkaabhishek) October 7, 2026
असम के मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 से पहले की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय हिंदू समाज ने यह सोचना छोड़ दिया था कि अयोध्या में बाबरी मस्जिद की जगह कभी राम मंदिर का निर्माण हो पाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण हुआ है।
हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ना है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और अयोध्या से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए अपने राजनीतिक विचार रखे।
उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए कदमों की भी सराहना की। असम के मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नक्सलवाद समाप्त हुआ है और देश में शांति आई है।
पाकिस्तान का जिक्र करते हुए सरमा ने कहा कि एक समय पाकिस्तान से आतंकवादी भारत में घुसकर संसद पर हमला करते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को इसका कारण बताते हुए भारत की सुरक्षा नीति को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प’ बाइक रैली के समापन समारोह से जुड़ा था। यह रैली वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक गई और फिर वापस वाराणसी पहुंची।
कार्यक्रम के दौरान हिमंत बिस्व सरमा ने भाजपा के संगठन और राजनीतिक विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अगले 50 वर्षों तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और असम में सत्ता में बनी रहेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।