अयोध्या, जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र अंतर्गत संजयगंज बाजार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने दुकान पर जमकर हंगामा और मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि दो व्यक्ति दुकान में लगी लोहे की जाली को तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दुकान पर मौजूद लोगों के साथ लात-घूंसों से मारपीट भी की। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों की हरकतें साफ तौर पर देखी जा सकती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के पीछे आपसी विवाद या किसी लेन-देन का मामला हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल मामले की जानकारी मिलने के बाद रौनाही थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है।