बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने राजमार्ग पर घेराबंदी कर एक होंडा सिटी कार से 52.4 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद किया और पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया, ‘‘भोजीपुरा पुलिस की टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दीदारपट्टी यात्री शेड के पास खड़ी सफेद रंग की होंडा सिटी कार के संदिग्ध प्रतीत होने पर उसकी तलाशी ली गई। कार से 52 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा, दो मोबाइल फोन, एटीएम व आधार कार्ड और 10,070 रुपये नकद बरामद हुए।’’
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के पटियाला निवासी मंगतदीन और परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह के रूप में की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने डोडा स्थानीय स्तर पर सोनू नामक व्यक्ति से खरीदा था और उसे पंजाब ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
पुलिस के मुताबिक, परमजीत सिंह के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में अलग-अलग अधिनियमों के प्रावधानों के तहत सात से अधिक मामले दर्ज हैं। मंगतदीन का भी आपराधिक इतिहास है।