मथुरा में यहां रेलवे स्टेशन के बाहर से पांच महीने के बच्चे का अपहरण करने के आरोप में मध्यप्रदेश के रहने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि बच्चे को बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया गया जबकि आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान संजीव और सीमा के रूप में हुई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (रिफाइनरी) प्रवीण तिवारी ने बताया कि दोनों को शुक्रवार सुबह करीब 7:10 बजे मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के बसिया गांव स्थित एक मंदिर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दंपति पूजा-अर्चना के बाद लौट रहा था कि तभी दोनों पति-पत्नी को पकड़ लिया गया। अधिकारी ने बताया कि दोनों पिछले शनिवार को मथुरा आये थे और विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद रेलवे स्टेशन पर ठहरे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, मुरैना के एक जिला अस्पताल में निजी दाई के रूप में काम करने वाली सीमा की शादी 2018 में हुई थी और संतान न होने के कारण उसका पति कथित रूप से उसे प्रताड़ित करता था।
पुलिस ने बताया कि बाद में वह अपने पति से अलग हो गई और पिछले तीन वर्षों से संजीव नाम के व्यक्ति के साथ रहने लगी थी।
पुलिस के मुताबिक, “रविवार को यह दंपति उन्नाव निवासी देवशंकर मिश्रा, उनकी पत्नी गौरी और उनके दो बच्चों के संपर्क में आया। यह परिवार मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के बाहर एक टिन शेड में रह रहा था।
पुलिस ने बताया, दंपति ने इस परिवार से दोस्ती कर ली और उनके पास ही रहने लगा लेकिन गौरी को उनकी गतिविधियों पर संदेह होने लगा। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मौका पाकर दंपति ने पांच महीने के बच्चे का कथित तौर पर अपहरण कर लिया।
तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दंपति का पता मुरैना में लगाया और मंदिर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि दंपति के पास से बच्चे को भी बरामद कर लिया गया। अधिकारी ने बताया, “बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।