अयोध्या, सांसद फैजाबाद अवधेश प्रासद की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा हेतु संसदीय क्षेत्र समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वारा सड़क सुरक्षा समिति के उद्देश्यों एवं जनपद में सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाने हेतु की जा रही कार्यवाहियों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया।
उन्होंने बताया इसके लिए पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग प्रमुख स्टेकहोल्डर हैं, जिनके माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता, प्रवर्तन कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट्स का चिन्हांकन एवं सुधार, विद्यालयों में रोड सेफ्टी क्लबों की स्थापना तथा दुर्घटना के पश्चात घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है।
बैठक में अध्यक्ष द्वारा निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए-
1. रायबरेली-अयोध्या मार्ग पर बाला सराय स्थित कंपनी द्वारा बनाए गए अवैध कट को तत्काल बंद किए जाने हेतु भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
2. नाका से हवाई अड्डा मार्ग पर अवैध रूप से स्थापित गुमटियों एवं ठेलों को हटवाने के निर्देश दिए गए, जिससे आवागमन सुगम एवं सुरक्षित हो सके।
3. जनपद में संचालित शुगर मिलों में गन्ना ढुलाई में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं ट्रकों पर रेडियो रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाने के निर्देश जिला गन्ना अधिकारी के माध्यम से दिए गए।
4. रायबरेली मार्ग पर स्थित अनेक विद्यालयों एवं विद्यार्थियों की अधिक संख्या को दृष्टिगत रखते हुए, विद्यालयों के सामने मार्ग पर रंबल स्ट्रिप लगाने का सुझाव दिया गया, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित कर दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
5. विद्यालय वाहनों की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष महोदय द्वारा उपस्थित विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया कि उनके विद्यालय में संचालित सभी बसों का संचालन नियमानुसार फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त करने के उपरांत ही किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय, पुलिस अधीक्षक यातायात ए.पी. सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्रीमती रितु सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आर.पी. सिंह, गुलाबचंद सहित समस्त स्टेकहोल्डर विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










