अयोध्या, तहसील रूदौली में मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित फरियादियों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
कुल 103 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र कुमार और विधायक राम चन्द्र यादव ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता समेत राजस्व, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
तहसील में अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते समाधान दिवस में अपेक्षाकृत कम गतिविधियां देखने को मिलीं।
समाधान दिवस के बाद मुख्य राजस्व अधिकारी ने तहसील क्षेत्र में चल रहे राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा की। वह ग्राम रामशरण दासपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और वहां अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री, एग्रीस्टैक समेत अन्य राजस्व कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने गांव के गाटा संख्या 618, 321, 131 और 377 की खतौनी का अवलोकन किया तथा मौजूद किसानों के अंश निर्धारण की जांच की। जांच के दौरान अंश निर्धारण सही पाया गया। उन्होंने ग्रामीणों से राजस्व संबंधी समस्याओं को क्षेत्रीय लेखपाल के समक्ष रखने की अपील की, ताकि उनका समय से समाधान कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार रूदौली विजय कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय लेखपाल प्रतीक सिंह, जगदंबा यादव, ग्राम प्रधान संजय कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त रखने और किसानों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।