अयोध्या, इनायतनगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मुकीमपुर के पास बच्चों को लेने पहुंची एक स्कूल वैन की चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार रिवर व्यू इंटरनेशनल स्कूल, पलिया माफी की स्कूल वैन का चालक हरिमोहन पाठक बच्चों को लेने के लिए मुकीमपुर गया था। इसी दौरान दो वर्षीय आयांश अचानक वैन के नीचे आ गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने स्कूल वैन को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक हरिमोहन पाठक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, वाहन की स्थिति और चालक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
हादसे के बाद स्कूल वाहनों के संचालन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की पूरी परिस्थितियां और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।