अयोध्या, श्री गणेश उत्सव को लेकर अयोध्या पुलिस प्रशासन और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति ने आयोजन समितियों के साथ संयुक्त बैठक कर पर्व को शांतिपूर्ण, मर्यादित और अनुशासित तरीके से मनाने की अपील की।
स्थानीय कोतवाली में हुई बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विवादित या आपत्तिजनक गाने बजाने पर भी रोक रहेगी, जबकि डीजे के इस्तेमाल में प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य होगा।
पुलिस नगर क्षेत्राधिकारी श्रीश त्रिपाठी ने कहा कि सभी लोग श्री गणेश उत्सव पूरे उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन धार्मिक परंपराओं, मर्यादा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासन की ओर से आयोजन समितियों को पूरा सहयोग दिया जाएगा, लेकिन शराबियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि उत्सव सभी का है और इसे बेहतर एवं सुंदर तरीके से आयोजित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समितियों से आकर्षक पंडाल बनाने, सुंदर प्रतिमाएं स्थापित करने और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के साथ श्रद्धालुओं तथा आम लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखने की अपील की।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि उत्सव के उल्लास में किसी भी प्रकार की अभद्रता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब के नशे में उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई होगी और डीजे पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर शराबी, डीजे संचालक अथवा आयोजन समिति के किसी सदस्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का संचालन केंद्रीय समिति के पुलिस प्रभारी जे.एन. चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने समितियों से प्रशासन का सहयोग करने और आम जनता के बीच शांतिपूर्ण, भव्य एवं अनुशासित गणेश उत्सव प्रस्तुत करने की अपील की।
बैठक को केंद्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल, प्रवक्ता केशव बिगुलर और जोनल प्रमुख अतुल सिंह ने भी संबोधित किया। समितियों के पदाधिकारी अमन गुप्ता, मनीष यादव, विशाल गुप्ता और तुषार श्रीवास्तव ने आयोजन से जुड़ी अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक में तारकेश्वर शर्मा, अमित कनौजिया, अंकुश गुप्ता, तरुण कुमार गुप्ता, नीरज पाठक, अंजनी पाण्डेय, मुन्ना यादव, डॉ. अखिलेश वैश्य, अरुण अग्रहरि, सार्थक जायसवाल, दीपक रामानी, विकास गुप्ता और आकाश गुप्ता समेत समिति एवं पुलिस विभाग से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।