अयोध्या, थाना हैदरगंज क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ और पुलिस पार्टी पर हमले के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में संदीप (27), अरविंद (23) और रामकिशन (55) शामिल हैं। तीनों मऊ, थाना हैदरगंज के रहने वाले हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना 29 मई की है। थाना क्षेत्र के एक गांव की 21 वर्षीय पीड़िता शौच के लिए जंगल की तरफ जा रही थी। रास्ते में संदीप और अरविंद ने उसे पकड़कर छेड़खानी की। विरोध करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने वूमेन हेल्पलाइन 1090 पर शिकायत की। कांस्टेबल को कमरे में छिपना पड़ा पुलिस ने तहरीर के आधार पर एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया।
जांच के लिए जब पुलिस टीम आरोपी संदीप के घर पहुंची, तो आरोपियों और उनके परिवार ने लाठी-डंडे और ईंटों से हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस वाहन की तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मी का मोबाइल छीन लिया। एक कांस्टेबल को कमरे में छिपना पड़ा। दरोगा सहित अन्य पुलिसकर्मी भागकर जान बचाने में सफल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश में चलाए गए विशेष अभियान के तहत उप-निरीक्षक श्रीपति मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस क्षेत्र अधिकारी पीयूष पाल ने बताया कि पुलिस पार्टी पर हमला करने के मामले में भी केस दर्ज है और युवती ने भी छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया है आरोपी के खिलाफ विधि कार्यवाही की जा रही है।
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में उप-निरीक्षक शिव आशीष भारती, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और कांस्टेबल अभिषेक यादव व विवेक मिश्रा शामिल थे।


