गुवाहाटी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने वैश्विक कारोबारी समुदाय से राज्य में निवेश के अवसर तलाशने का शुक्रवार को आग्रह किया। उन्होंने राज्य की रणनीतिक स्थिति, बेहतर हो रहे संपर्क, बढ़ते बुनियादी ढांचे, आर्थिक वृद्धि, कुशल कार्यबल और निवेश अनुकूल नीतियों को रेखांकित किया।
शर्मा ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित आईसीसी वैश्विक व्यापार शिखर सम्मेलन के दूसरे संस्करण को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक और प्रौद्योगिकी परिदृश्य में बदलाव भारत के लिए उत्पादन में विविधता लाने, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने तथा वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से जुड़ाव बढ़ाने का अवसर पेश करता है।
Assam is not just preparing to attract investment, we are building the connectivity and logistics ecosystem that can make the State a gateway between India, the Northeast and Southeast Asia. pic.twitter.com/y4MhiKEkGP
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) September 18, 2026
उन्होंने कहा, ‘‘भारत की वृद्धि का अगला चरण अधिक क्षेत्रों और उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय तथा वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से जोड़ने पर निर्भर करेगा। भारत की अगली वृद्धि यात्रा पूर्व और पूर्वोत्तर से निकलेगी। हमारे प्रधानमंत्री इसे पूर्वोदय का समय बता रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने असम की रणनीतिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और पूर्वी एशिया के लिए मुख्य केंद्र है। उन्होंने कहा कि राज्य की सीमाएं भूटान और बांग्लादेश से लगती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूर्वोत्तर में संपर्क, अवसंरचना और विकास पर लगातार ध्यान देने के बाद असम की भौगोलिक स्थिति अब रणनीतिक लाभ में बदल गई है। राज्य अब भारत के विकास पथ में हाशिये से केंद्र में आ गया है।
राज्य की आर्थिक वृद्धि का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2025-26 में असम का अनुमानित चालू कीमतों पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 7.45 लाख करोड़ रुपये है और वास्तविक वृद्धि 10 प्रतिशत से अधिक रहने का अनुमान है। 2026-27 में इसके बढ़कर 8.71 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
शर्मा ने भारतीय रिजर्व बैंक की एक रिपोर्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें असम को देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में अब सात हवाई अड्डे चालू हैं और गुवाहाटी हवाई अड्डे के नए टर्मिनल को सालाना करीब 1.3 करोड़ यात्रियों को संभालने के लिए तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि मई, 2021 से अब तक असम में 3,700 से अधिक नए कारखाने पंजीकृत हुए हैं, जिनमें करीब 1.11 लाख लोगों को रोजगार मिला है।