अयोध्या, तारुन क्षेत्र में हुई युवक कमल सिंह की हत्या का अयोध्या पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। तारुन पुलिस और एसओजी की टीम ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया शराब पीने के दौरान कमल का आरोपियों से विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों आरोपियों ने कमल सिंह की ईंट से कूच कर हत्या कर दी थी। गिरफ्तार आरोपी लाखन सिंह पुराकलंदर क्षेत्र का निवासी है तो वहीं दूसरा आरोपी विकास सिंह थाना महाराजगंज क्षेत्र का निवासी और हिस्ट्रीशीटर भी है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि थाना तारुन के गौराघाट के पास 19 मई की रात देसी शराब ठेके पर मृतक कमल सिंह के शराब पीने के बाद उसका शव सड़क पर ही 20 मई की सुबह मिला था।
जांच करने के बाद मालूम पड़ा कि मृतक कमल सिंह गौराघाट के शराब की दुकान पर शराब पी रहा था। वहीं दोनों आरोपी लाखन सिंह और विकास सिंह भी शराब पी रहे थे। ठेके पर ही तीनों में विवाद हुआ था।
विवाद इस कदर बढ़ गया कि जैसे ही कमल सिंह ठेके से थोड़ी दूर गया तो पीछा करते हुए लाखन और विकास सिंह ने उस पर लाठी डंडे से हमला कर दिया और जब वह मोटरसाइकिल से गिर गया तो उसके चेहरे को ईंट से कूच दिया और उसकी मौत हो गई।
थाना तारुन पुलिस की टीम और एसओजी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।


