बलिया जिले में फर्जी मस्टर रोल भरकर सरकारी धन के गबन में दोषी पाए गए एक अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ) को बर्खास्त कर दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ओजस्वी राज ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुरली छपरा विकासखंड के एपीओ संजय कृष्ण भास्कर को सोमवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि विकासखंड मुरली छपरा के सुकरौली निवासी कृष्ण यादव ने पिछले महीने मनरेगा योजना के तहत फर्जी भुगतान की शिकायत की थी, जिसकी जांच के लिए उनकी अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया था।
राज ने बताया कि जांच में सुकरौली गांव में मनरेगा योजना के तहत दो लाख 90 हजार रुपये के गबन के बारे में पता चला। साथ ही कई अन्य अनियमितताएं भी पायी गयीं। इस पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी संजय कृष्ण भास्कर को बर्खास्त कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि सामग्री की आपूर्ति करने वाली दो कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें काली सूची में डाल दिया गया है।


