भेलसर (अयोध्या), अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले मुख्य दीपोत्सव से पहले रुदौली विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध मां कामाख्या धाम में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। आदि गंगा गोमती के पावन तट पर आयोजित छठे दीपोत्सव में 1.51 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए।
हजारों दीपों की रोशनी से पूरा धाम जगमगा उठा। आयोजकों के मुताबिक, इस बार दीप प्रज्वलन का आंकड़ा पिछले वर्ष के रिकॉर्ड से भी अधिक रहा।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में आयोजित इस दीपोत्सव की तैयारियां पिछले एक सप्ताह से चल रही थीं। क्षेत्र के युवाओं, मां के भक्तों और स्थानीय लोगों ने आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए सामूहिक रूप से योगदान दिया। श्रद्धालुओं के उत्साह और सहयोग से गोमती तट पर दीपों की आकर्षक छटा दिखाई दी।
विधायक रामचंद्र यादव ने आयोजन की सफलता का श्रेय क्षेत्रवासियों और मां के भक्तों को दिया। उन्होंने कहा कि मां कामाख्या धाम में होने वाले धार्मिक आयोजन आमजन की श्रद्धा, आस्था और सहयोग से ही सफल होते हैं। उन्होंने मां कामाख्या धाम की चुनरी यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें माताओं, बहनों और बेटियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रहती है, जो क्षेत्र की धार्मिक आस्था और एकजुटता का प्रतीक है।
विधायक ने मां कामाख्या से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और तरक्की की कामना की। साथ ही श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले मुख्य दीपोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील भी की।