लखनऊ, अयोध्या में 5 से 7 नवंबर तक आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2026 को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने मीडिया एडवाइजरी जारी की है। दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 7 नवंबर को होगा। आयोजन में देश-विदेश के विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, प्रदेश सरकार के अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है।
कार्यक्रम की व्यवस्थित और व्यापक मीडिया कवरेज के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग जिला प्रशासन अयोध्या के समन्वय से व्यवस्थाएं कर रहा है। इसके तहत मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश, कवरेज, आवागमन, जलपान, भोजन, फोटो एवं वीडियो कवरेज, सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार और मीडिया सेंटर से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर मीडिया समन्वय के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। शोभायात्रा के प्रारंभ स्थल साकेत महाविद्यालय के लिए सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती और जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन को जिम्मेदारी दी गई है। हेलीपैड पर उप निदेशक अनुराग प्रसाद और सूचना अधिकारी प्रवीण मालवीय मीडिया समन्वय देखेंगे।
रामकथा पार्क और मुख्य मंच पर उप निदेशक आत्रेय मिश्रा तथा सूचना अधिकारी अमित शुक्ला को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नया घाट, सरयू आरती स्थल और पुल के लिए सूचना अधिकारी महेंद्र कुमार तथा अनुवादक आशीष सिंह नामित किए गए हैं। राम की पैड़ी पर सूचना अधिकारी लाल कमल और क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी मयंक तिवारी मीडिया समन्वय का काम संभालेंगे।
मीडिया प्रतिनिधियों के लखनऊ से कार्यक्रम स्थल तक आवागमन और कार्यक्रम के बाद वापसी की व्यवस्था के लिए सहायक निदेशक चंद्र विजय वर्मा और अपर जिला सूचना अधिकारी आनंद सिंह को नामित किया गया है। मीडिया कर्मियों के जलपान और भोजन की व्यवस्था का समन्वय सहायक निदेशक अमित यादव तथा वरिष्ठ सहायक आनंद मिश्रा करेंगे।
फोटो और फिल्म कवरेज के लिए अलग टीम तैनात रहेगी, जो कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो तैयार कर ऑनलाइन भेजने की व्यवस्था करेगी। सोशल मीडिया, यूट्यूब और एनएमआई कवरेज के लिए भी विशेष टीम बनाई गई है, जो रियल टाइम प्रचार-प्रसार और संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय करेगी।
मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए धर्मपथ पर हनुमान गुफा के सामने नगर निगम पार्किंग ग्राउंड में अस्थायी मीडिया सेंटर बनाया गया है। यहां कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, स्टेशनरी सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। मीडिया वाहनों की पार्किंग के लिए फटिक शिला स्थल निर्धारित किया गया है।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से निर्धारित मीडिया जोन, प्रवेश पास, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि दीपोत्सव के कार्यक्रमों की कवरेज सुचारु और व्यवस्थित तरीके से की जा सके।