बरेली, भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने बृहस्पतिवार को बरेली में हवाई करतबों का प्रदर्शन करके दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्वदेशी तकनीक से निर्मित पांच उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ से सुसज्जित टीम ने आसमान में विभिन्न आकृतियां बनाकर पायलटों की दक्षता, अनुशासन और आपसी तालमेल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट और उनके परिवार शामिल हुए।
हेलीकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरते हुए जटिल करतब दिखाए और धुएं की रंगीन लकीरों से आसमान में आकर्षक दृश्य बनाए। प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
वर्ष 2018 के बाद बरेली लौटी सारंग टीम ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता और देश की स्वदेशी विमानन क्षमता का प्रदर्शन किया।
टीम की सदस्य स्क्वाड्रन लीडर अंकिता ने युवाओं से अपनी प्रतिभा पहचानने, बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा, अपना हुनर पहचानें, सारा आसमान आपके सपनों की उड़ान का इंतजार कर रहा है।
अंकिता ने कहा कि विमानन क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी है। उन्होंने कहा कि सारंग टीम का हिस्सा होना गर्व की बात है और इसके सदस्य कठिन प्रशिक्षण और आपसी तालमेल के आधार पर ऐसे करतब दिखाते हैं, जिनमें हर क्षण एकाग्रता और सटीकता की आवश्यकता होती है।
अंकिता ने कहा कि हेलीकॉप्टरों को बेहद नजदीक से उड़ाते हुए विभिन्न आकृतियां बनाना पायलटों के कौशल, तकनीकी दक्षता और टीम भावना का उदाहरण है।