गौतमबुद्ध नगर में पति की प्रेमिका की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 24-वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता सुबोध कुमार ने बताया कि फेस-दो थाना क्षेत्र के याकूबपुर गांव के एक मकान में युवती का शव मिला था। इस मकान में एक दंपति रहता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने 14 अक्टूबर की शाम को इस मामले में शीला कुमारी को गिरफ्तार किया। प्रवक्ता के अनुसार, वह कासगंज निवासी नितिन की पत्नी है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान शीला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2025 को नितिन से हुई थी। उसके अनुसार, उसके पति के मनीषा के साथ प्रेम संबंध थे और वे दोनों साथ रहने लगे थे।
पुलिस के अनुसार, शीला ने बताया कि उसका पति चार अक्टूबर को किसी काम से कासगंज जिले गया था। इसी दौरान उसने पांच अक्टूबर को मनीषा की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई।