अयोध्या, ‘जसुमति कहइ कतहिं जनि जाहू, राम काज सब सुधरहिं राहू’ की चौपाई के साथ रामनगरी में रामलीलाओं के विकास और भव्य आयोजन को लेकर केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम अयोध्या के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने रामलीला समितियों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम क्षेत्र की रामलीलाओं के उत्तरोत्तर विकास और प्रगति के लिए नगर निगम सदैव उनके साथ खड़ा है।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि प्रभु श्रीराम के कार्य में किसी भी प्रकार का संशय नहीं होना चाहिए। यह केवल हमारा या आपका कार्य नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम का कार्य है, जिसे कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि नगर निगम अयोध्या और वह स्वयं नगर निगम क्षेत्र की रामलीलाओं के विकास तथा उनकी प्रगति के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। रामलीला समितियों को आयोजन के बेहतर संचालन और विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम की पावन धरती पर रामलीलाओं के उत्थान के लिए केंद्रीय समिति लगातार प्रयास कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
उन्होंने रामलीला पर्व को और अधिक आकर्षक बनाने की अपील करते हुए मांग की कि दुर्गापूजा की तर्ज पर प्रत्येक रामलीला में श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से सुंदर झांकियां लगाई जाएं, जिससे प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा को भव्य और आकर्षक बनाया जा सके।
बैठक का संचालन करते हुए केंद्रीय समिति के जिला संयोजक गगन जायसवाल ने सभी रामलीला समितियों से भव्य मंचन कराने, सुंदर आयोजन करने और प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय समिति इस वर्ष पिछले वर्षों की अपेक्षा रामलीलाओं के सार्थक विकास के लिए और अधिक कार्य करेगी। समिति आगे भी रामलीला आयोजकों को निरंतर सहयोग देती रहेगी, ताकि आयोजन को और बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में केंद्रीय समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर और नगर निगम कार्यों के प्रमुख अतुल सिंह ने भी सहभागिता की। इसके अलावा फतेहगंज रामलीला के प्रतिनिधि अखिलेश पाठक, साहबगंज रामलीला के चंदन गुप्ता और रानू द्विवेदी, चौक रामलीला के कन्हैयालाल अग्रवाल, हैदरगंज रामलीला के रजनीश गुप्ता, कोठा पार्चा रामलीला के सिद्धार्थ महान, शंकरगढ़ रामलीला के हनुमान प्रसाद वर्मा तथा सिविल लाइंस के करम अली का पुरवा से किशन मौर्य ने भी अपने विचार रखे।
बैठक में प्रेमनाथ राय, राजीव गुप्ता, दिनेश मौर्य, आशीष महेंद्रा, राजेंद्र सिंह वैभव, वेणी माधव पांडेय, अश्विनी प्रताप सिंह और पार्षद अनूप कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में रामलीलाओं के विकास, आयोजन को अधिक आकर्षक बनाने और प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने पर जोर दिया गया।