सुलतानपुर के अखंडनगर में मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बाएं पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हुए बदमाश का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को जानलेवा हमला करने के आरोपी मुकेश वर्मा उर्फ मुन्ना (24) की तलाश थी।
पुलिस ने गश्त के दौरान आठ अक्टूबर को मोटरसाइकिल सवार बदमाश को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही वह बाइक की गति तेज करके भागने लगा। पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो वह पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने लगा।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे अखंडनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कादीपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि बदमाश के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक गोली बरामद की गई है। मुकेश पर सुलतानपुर में कई मामले दर्ज हैं।