कुशीनगर जिले में एक शिक्षिका से कथित तौर पर छेड़खानी करने के आरोप में स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, रविंद्र नगर थाना क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के तौर पर कार्यरत महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि एक अक्टूबर को छुट्टी के बाद वह बच्चों के साथ घर जाने की तैयारी कर रही थीं, तभी प्रबंधक ने काम के बहाने उन्हें रोक लिया।
कुशीनगर में स्कूल के प्रबंधक का 'आपत्तिजनक' वीडियो वायरल, महिला शिक्षिका ने लगाए गंभीर आरोप!
वायरल वीडियो में प्रबंधक शिक्षिका से कथित तौर पर अवैध संबंध बनाने का दबाव डालते और उसे छूने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रबंधक दिनेश राय को… pic.twitter.com/SBKUNIHboe
— Sudhir Chauhan (@sudhirstar) October 2, 2026
आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद प्रबंधक उनके पास पहुंचा और उनका हाथ पकड़कर कथित तौर पर छेड़खानी करने लगा।
पुलिस को दी गई तहरीर में शिक्षिका ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो प्रबंधक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि भिसवा गांव निवासी स्कूल प्रबंधक दिनेश राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है।