अयोध्या, रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर डाक विभाग द्वारा बहनों एवं भाइयों को राखी भेजने की सुविधा को अधिक सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से राखी के स्पीड पोस्ट बुकिंग पर 10 प्रतिशत विशेष छूट प्रदान की जा रही है।
अयोध्या मंडल के अधीक्षक डाकघर, मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि राखी को सुरक्षित रूप से भेजने के लिए डाकघरों के बुकिंग काउंटरों पर विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे (Waterproof Special Rakhi Envelope) भी उपलब्ध हैं। ये लिफाफे राखी को पानी एवं नमी से सुरक्षित रखने में सहायक हैं तथा विशेष रूप से रक्षाबंधन के अवसर पर राखी प्रेषण के लिए तैयार किए गए हैं।
रविवार को भी मिलेगी स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा
राखी के स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा को और अधिक सुगम बनाने के लिए अयोध्या प्रधान डाकघर (Ayodhya HO) एवं अकबरपुर प्रधान डाकघर (Akbarpur HO) आगामी दोनों रविवारों—
16 अगस्त 2026 (रविवार), 23 अगस्त 2026 (रविवार) को भी खुले रहेंगे तथा राखी के स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अधीक्षक डाकघर, अयोध्या मंडल मनोज कुमार श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की है कि वे अपने भाई-बहनों एवं प्रियजनों को राखी समय से पहुंचाने के लिए निकटतम डाकघर की सेवाओं का लाभ उठाएं।
स्पीड पोस्ट बुकिंग पर 10 प्रतिशत विशेष छूट, वाटरप्रूफ राखी लिफाफे तथा रविवार को भी उपलब्ध बुकिंग सुविधा के माध्यम से डाक विभाग रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर अपनों तक प्रेम एवं शुभकामनाएं पहुंचाने को और आसान बना रहा है।










