बलिया जिले में दिव्यांग युवती से बार-बार दुष्कर्म करने के मामले में एक बुजुर्ग व्यक्ति और उसके परिवार के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 18 वर्षीय युवती जन्म से मानसिक रूप से दिव्यांग है और उसके गांव के ही राजनाथ (65) ने बहला-फुसलाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि युवती की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए तो पता चला कि वह चार माह की गर्भवती है। पुलिस के अनुसार इसके बाद युवती ने परिजन को राजनाथ की हरकतों की जानकारी दी।
परिजन का आरोप है कि जब वे इस घटना को लेकर पूछताछ के लिए राजनाथ के पास गए तो राजनाथ के बेटे अनिल और भाई भोला ने अपशब्द कहते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
रसड़ा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रजनीश ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस मामले में युवती की मां की तहरीर के आधार पर बुधवार रात उभांव थाने में राजनाथ, अनिल और भोला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने राजनाथ को शुक्रवार को बिहार के बक्सर से और अन्य दो आरोपियों अनिल व भोला को उभांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।










