अयोध्या, मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले सरयू अतिथि गृह से रामकथा पार्क स्थित ब्रह्मलीन परमहंस रामचंद्र दास महाराज के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पार्चन किया।
श्रीराम जन्मभूमि न्यास के प्रथम अध्यक्ष रहे परमहंस रामचंद्र दास महाराज की 23वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। रामजन्मभूमि आंदोलन को आगे बढ़ाने में परमहंस रामचंद्र दास महाराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी उनसे आत्मीय संबंध रहा है।
गोरक्षपीठ के ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के साथ परमहंस रामचंद्र दास महाराज रामजन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संतों में शामिल रहे। समाधि स्थल पर मुख्यमंत्री ने विधिवत पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालु मौजूद रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन-पूजन किए और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने हनुमानगढ़ी स्थित इमली बाग में स्वर्गीय महंत संत रामदास को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
हनुमानगढ़ी के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह दिगंबर अखाड़ा पहुंचे और ब्रह्मलीन परमहंस रामचंद्र दास महाराज के 23वें पुण्य स्मृति महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संत-महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने रायगंज स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचकर संत रविदास को नमन किया और मंदिर के स्वर्गीय महंत पूज्य बनवारी पति ब्रह्मचारी को पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान संत समाज और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।









