भोपाल, आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की शिक्षा को नई उड़ान देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश सिंधु भवन ट्रस्ट ने रविवार को एक प्रेरणादायी पहल करते हुए 266 मेधावी एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों की राशि और कॉपियों का वितरण किया।
सिंधु भवन ट्रस्ट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान, माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेंद्र मनवानी ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है और सफलता का सबसे प्रभावी साधन भी।
उन्होंने कहा कि कोई भी आर्थिक कठिनाई प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए और इसी सोच के साथ ट्रस्ट पिछले 20 वर्षों से जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को लगातार सहयोग प्रदान कर रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि ट्रस्ट केवल स्कूली शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि कक्षा 12वीं के बाद कॉलेज शिक्षा के लिए भी छात्रवृत्ति और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करता है।
उन्होंने बताया कि इंडसइंड फाउंडेशन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से कई विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए भी सहायता दी जाती है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी छात्र के सपनों के बीच दीवार न बन सके।
ट्रस्ट के महासचिव हरीश ज्ञानचंदानी ने संस्था की सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि ट्रस्ट लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। वहीं कोषाध्यक्ष अनिल चुघ ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि ट्रस्ट भविष्य में भी उनकी शिक्षा की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष तुलसी नैनवानी, डॉ. सी.पी. देवानी, डॉ. मालती भोजवानी, सुभाष भावनानी, अनिल चुघ तथा गायिका सौम्या पंजवानी ने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय जाने, माता-पिता का सम्मान करने, अनुशासित जीवन अपनाने और निरंतर अध्ययन के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के विधिक सलाहकार जितेंद्र जादवानी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हरीश छाबड़िया, प्रकाश कानूगा, दीपक लालचंदानी, राजेश मोटवानी, एडवोकेट राकेश सूर्यवंशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
शिक्षा के लिए दो दशक से सेवा का संकल्प
सिंधु भवन ट्रस्ट पिछले दो दशकों से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की मदद कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने का कार्य कर रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य केवल किताबें उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ऐसे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा तक पहुंचाने में हर संभव सहयोग देना है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें।










