अयोध्या, थाना बाबाबाज़ार क्षेत्र में मीरमऊ के पास सरैया मोड़ पर सोमवार को लगभग 11:40 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान मवई थाना क्षेत्र के बड़ेला निवासी सरवन,बाबा बाजार थाना क्षेत्र के सरैया सुल्तानपुर निवासी गुड्डू और जगदीशपुर थाना क्षेत्र के गोगे मऊ निवासी कुंदन सिंह के रूप में हुई है।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद की। सूचना मिलते ही बाबा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, कांस्टेबल शशि यादव और डायल 112 टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं और मोड़ के पास अचानक आमने-सामने टकरा गईं। इससे तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जारी है।
