सुलतानपुर जिले में एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को पहली कक्षा के छात्र की डंडे से पिटाई करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार को कुड़वार थाना क्षेत्र के टिकरिया पूरे हेड़ा गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में हुई। पीड़ित छात्र की पहचान शिवांश के रूप में हुई है, जो उसी विद्यालय में पहली कक्षा का छात्र है।
छात्र के अनुसार, उसका अपने सहपाठी सौरभ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर सौरभ ने अपनी मां को स्कूल बुला लिया। छात्र का आरोप है कि मां की शिकायत के बाद प्रधानाध्यापक ने दोपहर में शिवांश की डंडे से पिटाई कर दी।
शिवांश के पिता विकास शर्मा लखनऊ में रहते हैं, जबकि वह वर्तमान में अपनी पढ़ाई के लिए टिकरिया गांव में अपने नाना-नानी के साथ रह रहा है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) सौरभ सामंत ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा, “मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




