अयोध्या, मवई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा नेवरा निवासी तहव्वर अंसारी के बेटे फराज अंसारी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण कर जनपद अयोध्या सहित अपने अबाई वतन नेवरा का नाम रोशन किया। उनकी इस बड़ी सफलता पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
फराज अंसारी की माता कौसर जहां पूर्व माध्यमिक विद्यालय नेवरा में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले फराज अंसारी चार बहनों में अकेले भाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत,अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ पढ़ाई कर यह सफलता अर्जित की।
उनकी इस सफलता पर परिवार सहित आस पास के क्षेत्रों के लोगों में खुशी का माहौल है। अपनी सफलता पर फराज अंसारी ने कहा कि “यह सफलता मेरे मां बाप,गुरुजनों और परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और दुआओं का नतीजा है। मेरा सपना एक कुशल और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
मैं सभी विद्यार्थियों से कहना चाहता हूं कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और ईमानदारी से मेहनत की जाए,तो सफलता जरूर मिलती है।
फराज अंसारी की इस बड़ी सफलता पर पूर्व मंत्री अब्बास अली जैदी रुश्दी मियां,एहतिराम हुसैन, समाजसेवी दानिश हुसैन, सैय्यद ताल्मीज अशरफ़, आरिफ खां,मोहम्मद तारिक रुदौलवी, पूर्व प्रधान इदरीश खां, मुश्ताक अंसारी, हाफिज अशफाक, अंसारी ताज, एडवोकेट अरशद शेरा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने बधाई दी।










