शाहजहांपुर जिले में दलित परिवार की बारात को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हुई झड़प के मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 20 अप्रैल को तिलहर थाना क्षेत्र के लाई खेड़ा गांव में हुई, जहां बरेली से एक दलित परिवार के यहां बारात आई थी।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि जब बारात राजपाल यादव नामक एक व्यक्ति के घर के पास पहुंची, तो उसने कथित तौर पर टिप्पणी की, “अब दलित भी बग्गी पर चढ़कर बारात निकालेंगे,” जिससे विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि इसके बाद राजपाल यादव के पक्ष के लोग आक्रामक हो गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए बारात को शांतिपूर्वक संपन्न कराया।
इस मामले में शुक्रवार को राजपाल यादव, सुमित, अमित, सुरेंद्र, अवधेश यादव और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने राजपाल यादव और उसके पुत्र सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)- 2023 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि राजपाल यादव के यहां भी एक कार्यक्रम था और दोनों पक्षों की बारातें लगभग एक ही समय पर वहां पहुंची थीं। संकरी गली में रास्ता देने को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हो सकती है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।




