बलिया जिले की बांसडीह रोड पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो शातिर गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बांसडीह रोड पुलिस शनिवार/रविवार की दरमियानी रात्रि लगभग ढाई बजे बांसडीह रोड तिराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि गौ तस्कर गौवंश को वध के लिए ले जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस ने गौवंश साथ ले जा रहे दोनों व्यक्तियों को पकड़ने की कोशिश की तो एक आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में कयामुद्दीन उर्फ राजू (28) को दाये पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वह बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के इस्लामाबाद काजीपुरा का निवासी है।
शुक्ला ने बताया कि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के अहमदपट्टी गया के दीपक अंसारी (40) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया है, उसे आरोपी के पास से एक बछड़ा भी मिला है।










