हरदोई जिले में शुक्रवार को तीन बदमाशों ने ई-रिक्शा सवार एक किशोरी पर कथित रूप से गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस के अनुसार के घटना मझिला थाना क्षेत्र के लोकपुर के पास की है।
उसने बताया कि फर्रुखाबाद जिले की निवासी आयुषी (10) पुत्री बृजेश यहां ग्राम पारा में आठ दिन पहले अपने नाना राजबहादुर के घर आई थी और आज जब वह अपनी मां व भाई के साथ कहीं जा रही थी तभी बदमाशों ने हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने तुरंत किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि घायल की हालत अब खतरे से बाहर है। वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



