नोएडा थाना बिसरख क्षेत्र स्थित एक सोसायटी में रहने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर पत्नी से विवाद के बाद अपनी साली पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया और फिर 16वीं मंज़िल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शत्रुघ्न सिन्हा (38) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पटना (बिहार) का निवासी था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बिसरख थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Greater Noida West की Paramount Emotions सोसायटी में 16वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत। pic.twitter.com/KqTnEtbnjR
— Greater Noida West (@GreaterNoidaW) January 27, 2026
पुलिस प्रवक्ता विजय कुमार गौतम ने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, उनकी शादी करीब 11 वर्ष पहले हुई थी और उनका आठ वर्षीय बेटा है। वह पिछले छह माह से बेरोजगार थे, जिससे वे मानसिक तनाव में थे।
गौतम ने बताया कि उनकी पत्नी भी एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। बीते कुछ दिनों से उनकी साली भी घर पर रह रही थी। घटना के समय शत्रुघ्न ने शराब पी रखी थी और किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया, विवाद बढ़ने पर उन्होंने पत्नी के साथ मारपीट की कोशिश की इा दौरान बीच-बचाव करने आई साली पर उन्होंने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही शत्रुघ्न ने फ्लैट का गेट बंद किया और बालकनी में जाकर नीचे छलांग लगा दी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्राथमिक जांच में घरेलू कलह, बेरोजगारी और नशे की बात सामने आई है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विवेचना कर रही है।




