अयोध्या, रुदौली तहसील क्षेत्र के मवई ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कसारी में गुरुवार को माता शक्तियों के सम्मान में पारंपरिक सामूहिक ‘दूर-दुरिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह ने दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में कुल 11 समूहों की 88 सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में एक साथ दूर-दुरिया गीत गाते हुए सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के आयोजक अधिवक्ता दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में मातृशक्ति के महत्व को रेखांकित करना और परंपरागत लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और श्रद्धा की भावना मजबूत होती है।कार्यक्रम के उपरांत औसान माता रानी के प्रांगण में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और उनके सशक्त होने से पूरा समाज सशक्त होता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को संस्कृति की जीवंत मिसाल बताया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुमन पासवान ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में महिलाओं की भागीदारी समाज के विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने संस्कृति को सहेजने की जिम्मेदारी पर जोर दिया।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक कुमार रोहित सिंह, सनातनी अमर तिवारी, रामकिशोर शुक्ला, नारायण बक्श सिंह, बब्बन सिंह, श्रवण सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।




