लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में सई नदी में नहाते समय तीन व्यक्ति डूब गए जिसके बाद मंगलवार पूरी रात तलाशी अभियान के बाद इनके शव बरामद किए गए।
पुलिस ने कहा कि यह घटना मंगलवार शाम को उस समय घटी जब धीरज (25) गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ नदी पर गए हरिप्रसाद (40) और प्रमोद (23) उसे बचाने नदी में कूदे, लेकिन वे भी तेज बहाव में बहकर डूब गए।
उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की पांच टीमें गठित की गईं और रात भर अभियान चलाया गया। दो शव मंगलवार देर रात बरामद किए गए, जबकि तीसरा शव बुधवार को बरामद किया गया।
पुलिस ने कहा कि इन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।