अयोध्या, सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधानसभा रुदौली क्षेत्र में “एकता पदयात्रा” निकाली जाएगी। इस यात्रा की तैयारी और जिम्मेदारियों के निर्धारण को लेकर शुक्रवार को डाक बंगला रुदौली में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में यात्रा की पूरी रूपरेखा प्रस्तुत की गई और अलग-अलग दायित्व कार्यकर्ताओं को सौंपे गए।
पदयात्रा 17 नवम्बर को सुबह 10:00 बजे भेलसर चौराहा (गन्ना गोदाम) से प्रारंभ होकर बनमऊ रामलीला मैदान तक पहुंचेगी, जहाँ जनसभा का आयोजन होगा। कुल दूरी लगभग 11 किलोमीटर की होगी।
यात्रा के दौरान परी माता मंदिर, हनुमान किला मंदिर तथा आजाद नगर चौराहा पर पड़ाव बनाए गए हैं। भोजन, जलपान, सुरक्षा, चिकित्सा, मीडिया और सोशल मीडिया सहित सभी विभागों के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रामचंद्र यादव ने कहा एकता और अखंडता के लिए अपना समर्पण देने वाले लौहपुरुष सरदार पटेल के विचार आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का अभियान है। मैं सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूँ कि समय पर पहुंचकर यात्रा को ऐतिहासिक और सफल बनाएं।
क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह ने कहा प्रधानमंत्री से लेकर कार्यकर्ता तक का लक्ष्य राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोना है। सरदार पटेल ने जिस भारत के अखंड स्वरूप का सपना देखा था, उसे मजबूत करने की जिम्मेदारी हम सबकी है। हमें सुनिश्चित करना है कि बनमऊ की जनसभा में दस हजार से अधिक लोग पहुंचें, ताकि समाज में संदेश जाए कि रुदौली एकजुट है।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता रघुनंदन चौरसिया,किशोरी लाल भारती, निर्मल शर्मा, राम नवल लोधी, आशीष शर्मा, रामराज लोधी, धर्मेंद्र वर्मा, आशीष शर्मा,राज किशोर सिंह, सचिन कसौधन,सोनू यादव,अशोक कौशल, अजीत राज,हरीओम वाल्मीकि,डॉ. हरिओम वर्मा यादव सहित कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।




