अयोध्या। जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनाही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मुबारकगंज के पास लिंक रोड से दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र निवासी वीरेन्द्र मौर्या (27) और भोला निषाद (23) के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाशी के दौरान 24 गत्तों में कुल 672 बोतल और शीशी बरामद हुईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 314.97 लीटर बताई गई है। खेप में रॉयल ग्रीन, ब्लेंडर्स प्राइड और सिग्नेचर समेत अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब शामिल है। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे हरियाणा से शराब लेकर बिहार पहुंचाते थे और वहां इसे अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और शराब की सप्लाई चेन के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैगनआर कार भी बरामद की है। वाहन का नंबर MH31FE8306 बताया गया है। पुलिस के अनुसार वाहन के जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।