लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में ऊर्जा, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, उच्च शिक्षा, पर्यटन, परिवहन, वन एवं पर्यावरण, कृषि और खाद्य एवं रसद जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे अहम बदलाव ऊर्जा विभाग में हुआ है। अब तक अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा का दायित्व संभाल रहे डॉ. आशीष कुमार गोयल को इस पद से हटाकर अपर मुख्य सचिव, श्रम एवं सेवायोजन बनाया गया है। उनके पास ऊर्जा विभाग के साथ उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन, राज्य विद्युत उत्पादन निगम और यूपीएसएलडीसी से जुड़ी जिम्मेदारियां भी थीं।
आशीष कुमार गोयल की जगह अब रणवीर प्रसाद को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL), अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और अध्यक्ष यूपीएसएलडीसी लिमिटेड की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा के पद से हटाकर अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा बनाया गया है। रिपोर्टों के अनुसार वह इसी वर्ष दिसंबर में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
वी. हेकाली झिमोमी को प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन के पद से हटाकर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा से हटाकर प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन बनाया गया है।
अमृत अभिजात को अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य के साथ अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। यह जिम्मेदारी पहले अर्चना अग्रवाल के पास थी। अनिल कुमार को प्रमुख सचिव पंचायती राज से हटाकर प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, उपभोक्ता मामले तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद बनाया गया है।
इसी क्रम में एमकेएस सुंदरम को श्रम एवं सेवायोजन तथा प्राविधिक शिक्षा से हटाकर कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रविंद्र को प्रमुख सचिव पंचायती राज बनाया गया है। अमित गुप्ता को स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के साथ प्राविधिक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
शासन स्तर पर हुए इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। ऊर्जा विभाग में रणवीर प्रसाद की नई तैनाती और आशीष कुमार गोयल को श्रम एवं सेवायोजन विभाग भेजा जाना इस बदलाव का प्रमुख हिस्सा है। तबादला आदेश में अधिकारियों के स्थानांतरण के कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है।