जम्मू, वरिष्ठ अधिवक्ता निर्मल के. कोतवाल ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मेहराज मलिक का प्रतिनिधित्व करने से खुद को अलग कर लिया जिन्हें हाल ही में जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत में लिया गया था।
उच्च न्यायालय विधिज्ञ संघ की जम्मू शाखा के अध्यक्ष कोतवाल ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘भारत की एकता और संप्रभुता पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता और उन्हें कमतर आंकने वाले किसी भी कृत्य या बयान को किसी भी परिस्थिति में माफ नहीं किया जा सकता।
आप विधायक मेहराज मलिक (37) को आठ सितंबर को डोडा में कथित तौर पर जिले की सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में हिरासत में लिया गया था और उन्हें कठुआ जिला जेल में रखा गया था।
आप ने 14 सितंबर को मलिक की हिरासत को चुनौती देने के लिए कोतवाल के नेतृत्व में 10 सदस्यीय कानूनी टीम की घोषणा की।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा, ‘‘मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ वीडियो प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें मलिक ने कथित तौर पर कहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं है। वीडियो में उन्होंने आतंकवादी बुरहान वानी (हिजबुल मुजाहिदीन से संबंधित) और आतंकवादी मसूद अजहर (पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक) की भी प्रशंसा की है।
उन्होंने कहा, ‘‘न्यायालय के एक अधिकारी और इस महान राष्ट्र के नागरिक के तौर पर, मैं राष्ट्र के हित को सर्वोपरि मानता हूं। इसी के आलोक में, और अपनी अंतरात्मा, पेशेवर नैतिकता और राष्ट्रीय अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए, मैं पीएसए कार्यवाही से संबंधित मामले में मलिक का प्रतिनिधित्व करने से खुद को अलग करता हूं।


