अयोध्या, “राम नाम की लूट है, लूट सके तो लूट” — यही कहावत अब रामनगरी अयोध्या में चर्चा का विषय बनी हुई है। शहर के एक नामी रोबोट रेस्टोरेंट पर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
लोगों का कहना है कि रेस्टोरेंट प्रबंधन ने मेंबरशिप कार्ड के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूली। लेकिन जब कार्डधारक अपने परिवार के साथ होटल पहुंचे, तो उन्हें यह कहकर ठुकरा दिया गया कि “आपका कार्ड वैलिड नहीं है।
पीड़ित ग्राहकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब अयोध्या में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो अयोध्या की जनता के बीच आक्रोश और सवाल खड़े कर रहा है कि आखिर सच्चाई क्या है—कार्डधारक सही हैं या रेस्टोरेंट प्रबंधन?
आरोप है कि रेस्टोरेंट के नाम पर 1800 रुपये का कूपन बेचा जा रहा था, जिससे ग्राहकों को 4-5 हजार रुपये तक का भोजन मुफ्त मिलने का दावा किया जा रहा था।
जब कूपन धारक रेस्टोरेंट पहुंचे, तो प्रबंधन ने इसे फर्जी बताया और किसी भी तरह के ऑफर से इनकार किया। इससे गुस्साए लोगों ने रेस्टोरेंट को घेर लिया और हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
वही, रेस्टोरेंट प्रबंधन ने ऑनलाइन तहरीर दी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि यह कूपन फर्जी है और उनकी साख को खराब करने की साजिश है। प्रबंधन ने कहा कि उन्होंने न तो ऐसा कोई कूपन जारी किया है और न ही उनकी कोई ऐसी योजना है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आश्वासन दिया है कि दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसी घटनाएं अयोध्या की छवि को धूमिल करती हैं और पर्यटकों के विश्वास को चोट पहुंचाती हैं।


