अयोध्या, विरोधी राजनीतिक दलों द्वारा हाल के दिनों में किए जा रहे आचरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल मंत्री सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि हालिया घटनाओं से यह स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष का सनातन धर्म से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है और उनके लिए हिंदुत्व तथा सनातन केवल एक राजनीतिक हथकंडा मात्र हैं।
भाजपा नेता सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने कहा कि विपक्ष द्वारा युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शाब्दिक मर्यादा को ताक पर रखकर देश के माननीय प्रधानमंत्री और उनकी स्वर्गीय माता जी के खिलाफ जिस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, वह भारतीय संस्कृति, संस्कारों और विचारों के पूरी तरह प्रतिकूल है।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय परंपरा में विचारों का मतभेद और राजनीतिक असहमति स्वीकार्य रही है, लेकिन किसी व्यक्ति का व्यक्तिगत अपमान और अपशब्दों का प्रयोग कभी स्वीकार्य नहीं रहा। ऐसी अमर्यादित भाषा न तो लोकतंत्र की मर्यादा के अनुकूल है और न ही यह भारत की आत्मा का प्रतिनिधित्व करती है।
सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने कहा कि विपक्ष के इस आचरण से संपूर्ण संत समाज, आध्यात्मिक जगत और समस्त हिंदू जनमानस अत्यंत आहत है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की निम्नस्तरीय भाषा ही संपूर्ण विपक्ष के पतन का कारण बनेगी और आगामी चुनावों में जनता अपने जनादेश से विपक्ष के इन कुकृत्यों का जवाब देते हुए उन्हें एक बड़ी पराजय का सामना कराएगी।










