बागपत जिले में यमुना नदी के पास काठा और मविकला गांवों के निकट इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) की गैस पाइपलाइन फटने से हड़कंप मच गया।
इस घटना में जोरदार धमाके के साथ पाइपलाइन में रिसाव हुआ, जिसके कारण नदी का पानी 20 से 35 फीट ऊपर तक उछल गया, और आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बाढ़ के तेज बहाव में कोई भारी पत्थर या दबाव के कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। यह पाइपलाइन दादरी (नोएडा) से पानीपत (हरियाणा) तक गैस आपूर्ति के लिए बिछाई गई है। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत गैस सप्लाई बंद कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, और विशेषज्ञ टीमें पहुंचीं, और पाइपलाइन की मरम्मत व तकनीकी जांच शुरू कर दी गई। स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई थी, और कई लोग पानी के फव्वारे देखने के लिए जमा हो गए। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।


